नहर में सिल्ट जमने से फिर रुकी गंगाजल की आपूर्ति
-सिंचाई विभाग द्वारा जेसीबी से कराई गई नहर की सफाई
जलकल और जलनिगम अफसरों ने किया नहर का निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजाबाद। जेड़ाझाल नहर में सिल्ट जमने के कारण सुहागनगरी की जनता को दो दिन से गंगाजल नसीब नहीं हो पा रहा। इससे जलनिगम के साथ जलकल विभाग के अफसरों की मुश्किलें बढ़ गईं हैं।
जल निगम द्वारा शहर की जनता को गंगाजल मुहैया कराया जा रहा है। पिछले आठ दिनों से नहर में पानी कम होने के कारण गंगाजल का संकट खड़ा हो गया है। प्रयागराज में चल रहे कुंभ के कारण सिंचाई विभाग ने नहर में पानी बंद कर दिया है। इससे गोपालपुर से नंदपुर बनी 25.6 किमी. नहर में पानी का लेवल काफी कम हो गया था। सदर विधायक मनीष असीजा के प्रयास के चलते सिंचाई विभाग द्वारा दो दिन पूर्व नहर में पानी छोड़ा गया। इधर नहर में जगह-जगह सिल्ट जमा होने के कारण शुक्रवार से पुन: पानी का संकट खड़ा गया है। नहर में पानी न आने पर जलनिगम के अधिशासी अभियंता राकेश कुमार, जलकल महाप्रबंधक सुरेश चंद्र, अधिशसी अभियंता चंदन सिंह ने गोपालपुर से नंदपुर तक पूरी नहर का निरीक्षण किया।
सिंचाई विभाग ने जेसीबी के माध्यम से नहर की सफाई कराई गई, जिससे इंटेक प्लांट तक पानी पहुंच सके। इस संबंध में जलनिगम के अधिशासी अभियंता राकेश कुमार ने बताया कि जेसीबी से नहर की सफाई का कार्य पूरा हो चुका है, परंतु अभी तक इंटेक तक पानी नहीं आया है।