आरोपियों के बारे में जांच करती पुलिस
यूपी बोर्ड की परीक्षाओं में कड़ी सख्ती होने के बाद भी नकलची और सॉल्वर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे। फिरोजाबाद जिले में शनिवार को हाईस्कूल की परीक्षा में दो मुन्नाभाई पकड़े गए हैं। ये दोनों दूसरे की जगह परीक्षा दे रहे थे।
शनिवार को पहली पाली में हाईस्कूल के सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा हुई। इस दौरान जसराना क्षेत्र के श्री दयानंद सरस्वती साधना इंटर कॉलेज जाजुमई में दो युवक पकड़े गए। पुलिस ने पूछताछ की तो दोनों युवकों की पोल खुल गई।
पकड़े गए युवकों योगेश और राघवेंद्र निवासी समरोली, जनपद एटा है। राघवेंद्र अपने रिश्तेदार विकेश निवासी नगरिया थाना मटसेना के स्थान पर परीक्षा दे रहा था, वहीं योगेश अपने भाई प्रतीक की जगह परीक्षा देने आया था।
ऐसे पकड़े गए दोनों
कक्ष निरीक्षकों को इन दोनों की गतिविधि पर शक हुआ। इस पर उनके आधार कार्ड देखे तो नकली निकले। आधार पर फोटो उनकी लगी थी, लेकिन डिटेल परीक्षार्थियों की थी। इसके बाद दोनों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
योगेश हाईस्कूल पास है और प्राइवेट नौकरी है। जबकि राघवेंद्र बीएससी कर रहा है। बता दें कि फिरोजाबाद जिले में सॉल्वर पकड़े जाने का यह पहला मामला है। इससे पहले आगरा और मथुरा में बोर्ड परीक्षा के दौरान कई सॉल्वर पकड़े जा चुके हैं।