जसराना: मंगलवार को इंडियन बैंक पहुंची ग्राहकों की भीड़
जसराना। इंडियन बैंक में हुए घोटाले का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। दिन प्रतिदिन नए मामले सामने आ रहे हैं। मंगलवार को भी कई ग्राहकों ने अपने खातों में रुपये नहीं आने की बात कही। वहीं जसराना क्षेत्र में शराब का कारोबार करने वाले पांच व्यापारियों ने भी जमा करने के बाद भी खातों में 40 लाख रुपये नहीं आने की शिकायत बैंक अधिकारियों के समक्ष दर्ज कराई। ग्राहकों ने अपनी पासबुक में एंट्री कराने के साथ स्टेटमेंट निकलवाया।
सबलपुर निवासी सुखवीर सिंह ने कोतवाली में तहरीर दी। तहरीर में कहा कि दो बार में आठ लाख रुपये इंडियन बैंक में जमा करने को कैशियर को दिया था। कैशियर द्वारा जमा स्लिप भी दी गई। लेकिन उनके खाते में रुपया जमा नहीं किया गया है। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की गई है। शराब कारोबारी कुंवरपाल सिंह, विमल शर्मा, प्रयागश्री, वीरेंद्र सिंह, श्रीकृष्ण एवं संतोष कुमार ने भी रुपये गायब होने का आरोप लगाया है। केपी सिंह यादव ने बताया कि दो बार में 825000 रुपये जमा किए लेकिन खाते में नहीं आए। विमल शर्मा ने बताया छह बार में 1699870 रुपये जमा किए गए लेकिन खाते में नहीं आए। दो बार में 1174240 रुपये जमा करने वालीं प्रयागश्री ने भी खाते में रुपये नहीं आने की बात कही। वीरेंद्र सिंह यादव ने दो लाख रुपये , श्रीकृष्ण सिंह ने 55000 रुपये खाते में जमा नहीं करने का आरोप बैंक कर्मियों पर लगाया है। वहीं संतोष यादव ने कहा उन्होंने एक बैंक कर्मी को दो लाख रुपये का चेक दिया था। चेक लेकर उसने रसीद पर हस्ताक्षर भी कराए थे लेकिन मंगलवार को जब स्टेटमेंट निकलवाया तो रुपये खाते में नहीं थे। पीड़ितों ने शाखा में जाकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है। वहीं मंगलवार को बैंक में ग्राहकों की भीड़ लगी रही। महिलाओं की संख्या अधिक रही।