शिकोहाबाद। कार की टक्कर से महिला की मौत के बाद शिकोहाबाद-मैनपुरी मार्ग पर हुए पथराव एवं जाम में 29 नामजद आरोपियों सहित कई अज्ञातों पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने उपद्रव करने वाले दो आरोपियों को बुधवार को हिरासत में लेकर जेल भेजा है। अन्य की तलाश जारी है।
थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव रामनगर निवासी राखी (30) बीते सोमवार को सुबह सवा छह बजे करीब शौच के लिए जा रही थी। तभी कार ने टक्कर मार दी थी, मौके पर ही राखी की मौत हो गई थी। गुस्साए ग्रामीणों ने शिकोहाबाद-मैनपुरी मार्ग को लकड़ी का गठ्ठर डालकर रोड जाम कर दिया था। पुलिस ने गुस्साए ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, तो उन्होंने हाथों में लाठी-डंडे लेकर पुलिस को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस टीम पर पथराव भी किया था। पुलिस ने मंगलवार को उपद्रव करने वाले एक युवक मुकेश कुमार का शांतिभंग में चालान किया था। बुधवार को पुलिस टीम ने इस मामले में रामनगर गांव के 29 नामजद लोगों एवं अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने बताया कि उपद्रव करने वाले दो आरोपी दिलीप एवं ललितेश को गिरफ्तार किया है।
इन पर दर्ज हुआ केस
पुलिस ने गांव के ललितेश, दिलीप, अखिलेश, धौही, हरिओम, भगवती प्रसाद, संजू, राजू, भोला उर्फ मुकेश राजपूत, देशराज, दीक्षा, डॉली, सत्यवती, गौरी, प्रदीप, कल्लू, प्रेमपाल, अंशुल, नरेंद्र, सुरेश उर्फ एलआईसी, गुरुवेश की पत्नी, राजू की पत्नी, संजू की पत्नी, राज कुमार की पत्नी, श्यामसुंदर की भाभी, सन्नी, प्रदीप की मां, अनू, मुकेश राजपूत एवं हरिओम के भांजे को नामजद किया है। साथ ही अन्य के खिलाफ भी सरकारी कार्य में बाधा, रोड जाम करना, पथराव करना तथा सरकारी कर्मचारियों से अभद्रता करने की धाराओं में केस दर्ज किया है।