अमर उजाला फाउंडेशन और भक्ति वेदांता हास्पिटल वेलफेयर चेरीटेबिल ट्रस्ट के तत्वावधान में कैंसर जांच शिविर का आयोजन सेवार्थ संस्थान ट्रामा सेंटर में किया गया। कैंसर विशेषज्ञों ने मरीजों का परीक्षण किया। एटा, मैनपुरी सहित कई जिलों के मरीजों ने शिविर का लाभ उठाया। कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी से उम्र दराज ही नहीं बल्कि युवा और महिलाएं भी जूझते दिखे।
सेवार्थ संस्थान ट्रामा सेंटर में सोमवार को कैंसर शिविर का आयोजन किया गया। सुबह से रजिस्ट्रेशन कराने वाले मरीजों और तीमारदारों की भीड़ ट्रामा सेंटर में लगी रही। 10.30 बजे से भक्ति वेदांता हास्पिटल वेलफेयर चेरीटेबिल ट्रस्ट की टीम ने मरीजों का परीक्षण करना शुरू किया जो पांच बजे तक चला। शिविर में 267 मरीजों का परीक्षण किया गया। कैंसर से पीड़ित मरीजों को आपरेशन के लिए मुंबई अस्पताल बुलाया गया। उनके आने जाने के लिए सस्ते टिकट की व्यवस्था की गई। बीपीएल कार्ड धारकों को निशुल्क इलाज के लिए मुंबई बुलाया गया। शिविर में सर्जन डा. विष्णु अग्रवाल, डा. विश्वमोहन और नेत्रपाल सिंह ने सेवाएं प्रदान कीं। सद्भावना समिति के निर्भय गुप्ता, बीना गुप्ता कृष्णा गुप्ता, अखिलेश का विशेष सहयोग रहा।
मरीजों को कैंप से मिली राहत
15 वर्षीय बालिका जया सिंह ने कहा कि काफी दिन से कैंसर जैसे लक्षण दिख रहे थे। चिंता मिटाने के लिए यहां परीक्षण कराया।
शिकोहाबाद निवासी कुंवर सिंह ने कहा कि कैंसर की जांच कराई थी। परामर्श लेने के लिए मुंबई की दौड़ लगानी पड़ी। लेकिन इस शिविर से लंबी दौड़ और धन की बचत हुई।
सिरसागंज निवासी मधु कहती हैं कि कैंसर के कुछ लक्षण लगे। काफी दिनों से चिंता सताए जा रही थी। लेकिन चिकित्सक से अब परामर्श लेकर चिंता खत्म हुई है।
हरिप्यारी कहती है कि कैंसर का इलाज काफी महंगा है। इसलिए ऐसे कैंप का आयोजन गरीबों के हित में हैं। यह प्रयास काफी सराहनीय है।