फिरोजाबाद। पंचायत चुनाव का मतदान पूरा कराने के बाद जिला प्रशासन मतगणना की तैयारी में जुट गया है। मंगलवार को प्रशासन की ओर से मतगणना कार्मिकों को ड्यूटी प्रपत्रों का वितरण शुरू करा दिया गया। सीडीओ चर्चित गौड के मुताबिक बुधवार से मतगणना कार्य से जुडी प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रक्रिया शुरू होगी। मतगणना कार्य में प्रशासन की ओर से करीब 2460 कार्मिकों को ड्यूटी प्रपत्र जारी किए गए हैं।
2460 कार्मिक जिले में पंचायत चुनाव की मतगणना का जिम्मा संभालेंगे। मतगणना को बनाए सभी छह मतगणना स्थलों पर संपन्न होने वाली मतगणना के दौरान प्रत्येक टेबिल पर पांच-पांच कार्मिक तैनात किए जाएंगे।
जिसमें एक सुपरवाइजर एवं चार गणना कार्मिक होंगे। मतगणना का कार्य दो शिफ्ट में संपन्न कराया जाएगा। एक शिफ्ट के लिए मतगणना की अवधि 12 घंटे निर्धारित की गई है। प्रभारी अधिकारी कार्मिक चर्चित गौड के मुताबिक मतगणना से पूर्व आरओ एवं एआरओ के अलावा कार्मिकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा चुका है। बुधवार को आरओ व एआरओ का प्रशिक्षण कार्यक्रम मास्टर ट्रेनर्स द्वारा संपन्न कराया जाएगा। 29 से मतगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होगा।