समर इंटर्नशिप कार्यक्रम समापन के बाद मौजूद विधि छात्र। स्रोतः डीएलएसए
- फोटो : समर इंटर्नशिप कार्यक्रम समापन के बाद मौजूद विधि छात्र। स्रोतः डीएलएसए
फिरोजाबाद। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित 21 दिवसीय समर इंटर्नशिप कार्यक्रम का रविवार को सफल समापन हुआ। इस अवसर पर जिला जज व प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. बब्बू सारंग और सचिव योगेश शिवा ने इंटर्नशिप पूरी करने वाले सभी विधि (लॉ) छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
जिला जज डॉ. बब्बू सारंग ने विद्यार्थियों से व्यावहारिक समझ विकसित करने का आह्वान करते हुए कहा कि वे अपने विधिक ज्ञान का उपयोग समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाने तथा कानून के शासन को मजबूत करने में करें। सचिव योगेश शिवा ने बताया कि 21 दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, प्री-लिटिगेशन, कोर्ट मध्यस्थता, विधिक साक्षरता अभियानों सहित नालसा व उपसला की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे छात्रों में व्यावसायिक दक्षता और संवेदनशीलता का विकास होगा। समारोह के अंत में सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने अनुभव साझा करते हुए प्रशिक्षण को भविष्य के लिए उपयोगी बताया। मंच से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें विधिक क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने की प्रेरणा दी गई।