एटा के भदेसरा में पेयजल प्लांट का निरीक्षण करते डीएम संतोष शर्मा व अन्य अधिकारी।स्रोत विभाग
- फोटो : एटा के भदेसरा में पेयजल प्लांट का निरीक्षण करते डीएम संतोष शर्मा व अन्य अधिकारी।स्रोत विभाग
फिरोजाबाद। आगरा और फिरोजाबाद जिले के ग्रामीण अंचलों में दशकों से खारे और फ्लोराइड युक्त पानी का दंश झेल रहे लाखों ग्रामीणों के लिए राहत की खबर है। जल जीवन मिशन (हर घर नल से जल योजना) के तहत एटा के भदेरा में 869.66 करोड़ की लागत से बन रहा अत्याधुनिक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट अब धरातल पर आकार लेने लगा है। रविवार को डीएम संतोष कुमार शर्मा ने एडीएम नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता के साथ भदेरा पहुंचकर प्लांट का बारीकी से निरीक्षण किया और कार्यदायी संस्था को कड़े लहजे में हिदायत दी कि साल 2027 तक हर हाल में काम पूरा कर जनता को समर्पित किया जाए।
यह पूरी योजना सतही स्रोत आधारित पाइप पेयजल प्रणाली पर काम करेगी। इसके तहत लोअर गंगा कैनाल के कच्चे पानी को भदेरा स्थित अत्याधुनिक वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में लाया जाएगा। यहां पानी को पूरी तरह फिल्टर और शुद्ध करने के बाद पाइपलाइनों के जरिए फिरोजाबाद और आगरा के दूर-दराज के गांवों में भेजा जाएगा। डीएम ने निरीक्षण के दौरान पानी को शुद्ध करने की प्राथमिक प्रक्रिया के महत्वपूर्ण हिस्सों को देखा और सुरक्षा मानकों को लेकर विशेष निर्देश दिए।
जिले के 9 ब्लॉकों में बिछेगा नेटवर्क, 410 टंकियों से होगी सप्लाई
इस योजना के पूरा होते ही जिले के 9 ब्लॉकों के 780 गांवों की प्यास बुझेगी। गांवों में पानी के सुचारू वितरण के लिए जिलेभर में 410 ओवरहैड पानी की टंकियां बनाई जा रही हैं। इनसे रोजाना करीब 181 एमएलडी (मिलियन लीटर प्रतिदिन) शुद्ध पानी की आपूर्ति की जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि इस शुद्ध पानी के मिलने से ग्रामीण आबादी को फ्लोराइड और खारे पानी से होने वाली गंभीर बीमारियों जैसे हड्डियों और दांतों की कमजोरी से निजात मिल जाएगी।
सुरक्षा मानकों पर डीएम सख्त, प्लांट में किया पौधारोपण
निरीक्षण के दौरान डीएम संतोष कुमार शर्मा ने प्लांट की तकनीकी खामियों को तुरंत दुरुस्त करने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से वेलेबल चैंबर और वाल्व चेंबर का मुआयना किया और निर्देश दिए कि इन चैंबरों तक ऑपरेटरों या कर्मचारियों के पहुंचने और किसी आपात स्थिति में सुरक्षित बाहर निकलने के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के बाद डीएम और एडीएम ने प्लांट परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया। इस मौके पर जल जीवन मिशन के इंचार्ज विजय लोखंडे और जल निगम के एक्सईएन डीके सिंह सहित तमाम तकनीकी टीम मौजूद रही।