फिरोजाबाद। डीएलएड प्रशिक्षण के विभिन्न बैचों की आंशिक एवं बैक परीक्षा में जिले में द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा में 1955 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इनमें द्वितीय सेमेस्टर के 1434 अभ्यर्थियों के लिए पांच तथा चतुर्थ सेमेस्टर के 521 अभ्यर्थियों के लिए दो केंद्र निर्धारित किए गए हैं। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्राचार्य मुक्तेश कुमार ने बताया कि परीक्षा नियामक प्राधिकारी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा 12 से 14 अक्तूबर तक कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि 12 अक्तूबर को वर्तमान भारतीय समाज एवं प्रारंभिक शिक्षा तथा प्रारंभिक शिक्षा के नवीन प्रयास विषय की परीक्षा होगी। 13 को विज्ञान, गणित और सामाजिक अध्ययन की परीक्षा होगी। 14 को हिंदी और अंग्रेजी की परीक्षा कराई जाएगी। चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा 15 से 17 अक्तूबर तक होगी। 15 को प्रारंभिक स्तर पर भाषा एवं गणित के पठन-लेखन क्षमता का विकास तथा शैक्षिक प्रबंधन एवं प्रशासन की परीक्षा होगी। 16 को विज्ञान, गणित और सामाजिक अध्ययन तथा 17 को हिंदी, अंग्रेजी और शांति शिक्षा एवं सतत विकास विषय की परीक्षा होगी।
उन्होंने बताया कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे। द्वितीय सेमेस्टर में बैच 2023, 2021 और 2018 के प्रवेश पत्र 9 अक्तूबर की सुबह, जबकि 2022 और 2019 बैच के प्रवेश पत्र 10 अक्तूबर की सुबह उपलब्ध होंगे। चतुर्थ सेमेस्टर के प्रवेश पत्र भी 10 अक्तूबर को अपलोड किए जाएंगे। प्राचार्य ने बताया कि परीक्षा नियामक प्राधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को नकलविहीन परीक्षा कराने और सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। सीसीटीवी सहित अन्य व्यवस्थाओं पर भी नजर रखी जाएगी। परीक्षा को लेकर विभागीय स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही है।