फिरोजाबाद के जसराना में रविवार सुबह दौड़ लगाने निकले 18 वर्षीय बॉबी खान को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वह पुलिस और सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
फिरोजाबाद के थाना जसराना क्षेत्र में एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर रविवार सुबह सड़क हादसे में दौड़ लगाने निकले 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन युवक को रौंदते हुए मौके से फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। युवक की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
विज्ञापन
गांव खेरिया पटीकरा निवासी 18 वर्षीय बॉबी खान पुत्र रियाज खान तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। वह पढ़ाई के साथ ही पुलिस और सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था। इसके लिए वह प्रतिदिन सुबह दौड़ लगाने जाता था। रविवार सुबह करीब पांच बजे भी वह घर से दौड़ लगाने के लिए निकला था। करीब छह बजे परिजनों को सूचना मिली कि एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर बॉबी सड़क हादसे में घायल हो गया है।
सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए, लेकिन तब तक बॉबी की मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना पर थाना जसराना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
विज्ञापन
हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस वाहन की तलाश में जुटी है। ग्रामीणों ने बताया कि बॉबी के पिता रियाज खान बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस बेटे को पुलिस या सेना की वर्दी में देखने का सपना परिवार ने संजोया था, उसकी अचानक मौत से गांव में भी शोक की लहर है।