फिरोजाबाद। शहर में डाली गई 179 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन पिछले कई सालों से चोक पड़ी है। जल निगम बजट के अभाव में न तो सीवर लाइन की सफाई ही करा सका है और न ही 14 साल में घरों में सीवर कनेक्शन देने का कार्य ही पूरा हो पाया है। सीवर लाइन चोक होने से बारिश के दिनों में सुहागनगरी में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है।
वर्ष 2008 में जल निगम द्वारा शहर में करीब 162 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन डाली गई थी। इससे पूर्व करीब तीस साल पहले 17 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन सुहागनगर, आर्यनगर, आगरा गेट सहित अन्य मोहल्लों में डाली गई थी। सीवर लाइन डालने के बाद उसकी सफाई के लिए किसी अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया। अमृत योजना के तहत 21.21 करोड़ रुपये की धनराशि सीवर लाइन की सफाई के लिए स्वीकृत की गई, लेकिन यह धनराशि ऊंट के मुंह में जीरे के सामान है। कारण इस धनराशि से 179 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन में से मात्र 21 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन ही साफ हो सकेगी। जल निगम को 12657 कनेक्शन भी करने है। इन कनेक्शनों को मुख्य सीवर लाइन जोड़ने का कार्य जल निगम द्वारा कराया जा रहा है।
...
पुरानी सीवर लाइन-17 किलोमीटर
नई सीवर लाइन-162 किलोमीटर
कुल कनेक्शनों की संख्या-33 हजार
नए किए कनेक्शनों की संख्या-18540
शेष कनेक्शनों की संख्या-12657
...
सीवर लाइन साफ होने से यह होंगे लाभ
जल निगम से सेवानिवृत्त सहायक अभियंता दिनेश चंद्र शर्मा का कहना है कि सीवर लाइन साफ होने और हर घर में कनेक्शन से सुहागनगरी साफ-सुथरी रहेगी। घरों से निकलने वाला गंदा पानी नालियों में न आकर सीधे सीवर लाइन में जाएगा। नाले और नालियों से बारिश का पानी तेजी के साथ निकल जाएगा। सीवर लाइन चोक होने से बारिश के समय नाले-नालियां ओवर फ्लो होने से सड़कों पर पानी भर जाता है।
अमृत योजना के तहत 21 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन को साफ कराने का कार्य कराया जा रहा है। आर्यनगर और सुहागनगर में तेजी से सीवर कनेक्शन कराए जा रहे हैं। गंदा पानी सड़कों पर न आए। इसके लिए शासन से करीब 21.21 करोड़ रुपये की धनराशि मिली है।
चंद्रमोहन सिंह सोलंकी, एक्सईएन जल निगम