फिरोजाबाद। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई। डीएम ने कहा कि जिले में कुल 162 स्कूल ऐसे हैं, जहां नामांकन संख्या कम होने के कारण उन्हें पास के स्कूलों को समायोजित किया जाएगा। यह कदम शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए उठाया गया है।
बैठक में जिलाधिकारी ने इस योजना के अन्य लाभ के बारे में जानकारी दी। बोले इस नीति के तहत, एक स्कूल को प्री-प्राइमरी के लिए और दूसरे को प्राइमरी और मिडिल क्लासेज (कक्षा 1 से 8) तक के लिए नामित किया जाएगा। इससे स्कूलों में शिक्षक और संसाधनों की सही व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी। जिलाधिकारी ने उपस्थित शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा में पिछले 5-7 वर्षों में सुधार आया है। उन्होंने शिक्षक संघों के अध्यक्षों से भी राय ली, जिन्होंने इस नीति का स्वागत किया। बीएसए आशीष पांडेय ने भी इसके लाभ बताए। बैठक में सीडीओ शत्रोहन वैश्य, बीएसए आशीष पांडेय, एबीएसए उपेंद्र सिंह, विजय सिंह, ओमप्रकाश अकेला, शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष शौर्यदेवमणि यादव, अबोध चतुर्वेदी, दिनेश राजा आदि मौजूद रहे।