फिरोजाबाद। यातायात पुलिस टीम और एआरटीओ गौरीशंकर द्वारा एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों को ताक पर रखकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए इस व्यापक अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 600 से अधिक वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
टीआई महेश सिंह ने बताया कि अधिक गति से वाहन दौड़ाने वाले 156 वाहन चालकों के विरुद्ध ओवरस्पीड के तहत चालान की कार्रवाई की गई। मानक से अधिक सवारियां बैठाकर संचालित किए जा रहे 48 ऑटो और ई-रिक्शा के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 445 अन्य वाहनों के खिलाफ भी वैधानिक रूप से चालान काटे गए।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों को रोककर उन्हें हेलमेट के जीवन रक्षक महत्व के बारे में समझाया गया। एआरटीओ गौरीशंकर ने बताया कि लंबी दूरी की 17 स्लीपर व प्राइवेट बसों की भी बारीकी से जांच की गई। संवाद