सांथी में आयोजित ग्राम चौपाल में जनसुनवाई करते डीएम। स्रोतः प्रशासन
- फोटो : सांथी में आयोजित ग्राम चौपाल में जनसुनवाई करते डीएम। स्रोतः प्रशासन
खैरगढ़। विकास खंड हाथवंत की ग्राम पंचायत सांथी में डीएम संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को ग्राम चौपाल लगाई। डीएम ने न केवल ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, बल्कि लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त चेतावनी भी दी। चौपाल में जनपद और ब्लॉक स्तर के सभी प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने शिकायत की कि गांव में सफाई कर्मचारी लंबे समय से ड्यूटी पर नहीं आ रहा है, जिससे गंदगी का अंबार लगा है। आज जैसे ही ब्लॉक के कर्मियों को डीएम के आगमन की सूचना मिली तो उन्होंने आनन-फानन सफाई की। इस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित सफाई कर्मचारी को सुधार के लिए 15 दिन का अंतिम समय (अल्टीमेटम) दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि 15 दिन में गांव की सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई, तो सफाईकर्मी को तत्काल निलंबित कर दिया जाएगा।
चौपाल में सबसे अधिक मांग आवास को लेकर उठी। इस पर परियोजना निदेशक ने बताया कि गांव के 48 पात्र व्यक्तियों का नाम सर्वे में भेजा जा चुका है। डीएम के समक्ष गयाधर सिंह ने मनरेगा मजदूरी, बैकुंठ देवी ने किसान सम्मान निधि, सुनीता ने राशन कार्ड और आरती देवी ने आवास संबंधी समस्या डीएम के सामने रखी। इसके अलावा आवास, पेंशन और राशन कार्ड से संबंधित सभी मामलों का निस्तारण करने का आदेश अधीनस्थों को दिया।