फिरोजाबाद। निर्धाारित मानक से अधिक खाद लेने वाले जिले के 127 किसानों की जांच जिला प्रशासन कराएगा। डीएम ने इसके लिए जांच कमेटी का गठन किया है। उन्होंने कहा कि जिले में डीएपी एवं यूरिया की कोई कमीं नहीं है। किसानों को जरूरत के अनुरूप डीएपी और यूरिया मुहैया कराई जा रही है।
प्राइवेट दुकानदार और साधन सहकारी समितियों पर तैनात सचिवों की मनमानी रोकने के लिए किसानों को खाद मुहैया कराने की मॉनीटरिंग कराई जा रही है। जिले में 127 किसान ऐसे पाए गए, जिन्होंने चार बार में एक मीट्रिक टन से अधिक उर्वरक की खरीद की।
खाद की अनियमितता रोकने के लिए जांच के लिए सभी नौ ब्लॉकों में टीमों का गठन किया गया है। शिकोहाबाद ब्लाॅक में 17 किसानों के अधिक उर्वरक लिए जाने की जांच डीडी कृषि एसपी सिंह को सौंपी गई है। फिरोजाबाद, अरांव एवं खैरगढ़ ब्लाक में 21 किसानों के अधिक खाद लेने की जांच जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान करेंगे। एका ब्लाक में 21 किसानों ने अधिक खाद ली इसकी जांच सहायक निबंधक सहकारिता सतीश चंद्र को सौंपी गई है। जसराना ब्लाॅक में 16 किसानों की जांच भूमि संरक्षण अधिकारी प्रथम, नारखी ब्लाॅक के 18 किसानों की जांच भूमि संरक्षण अधिकारी चतुर्थ और टूंडला ब्लाॅक के 16 किसानों की जांच वरिष्ठ प्राविधिक सहायक विष्णु शंकर एवं मदनपुर ब्लाॅक के 16 किसानों की जांच ब्रजेश कुमार को सौंपी गई है। जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान ने कहा कि जिले में खरीफ की फसल में डीएपी एवं यूरिया की बिक्री अधिक हुई है।