फिरोजाबाद। थाना रजावली क्षेत्र में बुधवार सुबह हुई बालिका की हत्या के मामले में पुलिस 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी हत्यारों का कोई सुराग नहीं लगा सकी है। जबकि केंद्रीय मंत्री ने मामले में त्वरित कार्रवाई करने की बात पुलिस कप्तान से कही थी। पुलिस मामले में पिता की ओर से रिपोर्ट भी दर्ज कर चुकी है। मामले में पुलिस के तंत्र पूरी तरह फेल साबित हो रहे हैं।
गढ़ी पांडेय निवासी देवेंद्र बघेल की दस वर्षीय पुत्री काजल बुधवार को सुबह सात बजे अपने पिता के साथ खेतों की तरफ बकरी चुराने के लिए गई थी। जहां वह अचानक गुम हो गई थी। पिता ने डायल-112 पुलिस के साथ उसकी तलाश की तो शव खेतों से कुछ दूरी पर स्थित एक बाजरे के खेत में पड़ा मिला था। बालिका की बकरी बांधने वाली रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। मामले में ग्रामीणों ने हंगामा काटकर एटा-टूंडला मार्ग को जाम कर दिया था। एसएसपी के आश्वासन पर जाम खोला गया था। एसएसपी ने हत्याकांड के खुलासे के लिए एसओजी सहित चार पुलिस टीमों को लगाया था। 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी हत्यारे पूरी तरह बेसुराग हैं। पुलिस अभी तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। परिजन में थाना पुलिस के लिए काफी आक्रोश व्याप्त है।
पुलिस टीम लगी हुई हैं। जो मोबाइल बालिका के पास था वह भी स्विच ऑफ आ रहा है। फिर भी पुलिस टीमें शक के घेरे में आने वाले लोगों से पूछताछ कर रही हैं। जल्द खुलासा कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा। - अमरीश कुमार, सीओ टूंडला