-शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन का आरक्षण टिकट घर। सोर्स संवाद
शिकोहाबाद। देश की सीमा पर तनाव का असर रेलवे पर भी पड़ने लगा है। टाटानगर से चलकर जम्मूतवी जाने वाली मुरी एक्सप्रेस में बीते दो दिनों में लगभग 100 आरक्षण जिले भर में रद्द हुए हैं। यात्रियों ने सतर्कता के तहत अपनी यात्रा रोक दी है।
देश की सीमा पर तनाव का माहौल है। इसको लेकर रेलयात्रियों ने भी सतर्कता बरतना शुरु कर दी है। यह माहौल खासतौर से टाटानगर से चलकर जम्मूतवी जाने वाली मुरी एक्सप्रेस में आरक्षण करवाकर यात्रा करने वाले रेलयात्रियों में दिखा। दरअसल मुरी एक्सप्रेस अमृतसर होते हुए व्यास रेलवे स्टेशन पहुंचती है। यहां बड़ी संख्या में विभिन्न समाज के लोग यहां होने वाले डेरा व्यास राधा स्वामी सत्संग में शामिल होने के लिए मुरी एक्सप्रेस से जाते हैं। जब से युद्ध शुरु हुआ है। तभी से व्यास रेलवे स्टेशन जाने वाले रेलयात्रियों ने भी सतर्कता बरतना शुरु कर दी है। इसके चलते बीते बृहस्पतिवार को शिकोहाबाद से आठ एवं शुक्रवार को कुल 16 लोग, फिरोजाबाद से 32 व टूंडला से 40 से अधिक लोगों ने आरक्षण टिकट रद्द करवाए हैं।
अनारक्षित टिकटों की भी बिक्री भी हुई प्रभावित
शिकोहाबाद। रेलवे स्टेशन से जम्मूतवी ट्रेन के अनारक्षित टिकटों की बिक्री भी पिछले कुछ दिनों से प्रभावित हुई है। अनारक्षित टिकट काउंटर पर बैठे कर्मचारी बताते हैं कि यूं तो वैसे अनारक्षित टिकटों की बिक्री अच्छी हो रही थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से इस ट्रेन की अनारक्षित टिकटों की ब्रिकी में गिरावट दर्ज हुई है।
रेलयात्रियों ने कल और आज आरक्षण टिकट रद्द कराए हैं। जिनमें अधिकांशतः व्यास रेलवे स्टेशन के हैं। बाकी अनारक्षित टिकटों की बिक्री पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ा है।
रमाशंकर, मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक, शिकोहाबाद