फोटो35 टीबी वार्ड में भर्ती मरीज के पास रखा ऑक्सीजन सिलेंडर। संवाद
फिरोजाबाद। टीबी के गंभीर मरीजों के लिए सांस लेने में अचानक परेशानी बढ़ना आम बात है। ऐसी आपात स्थिति में उन्हें तत्काल ऑक्सीजन सपोर्ट की आवश्यकता होती है, लेकिन जिला अस्पताल से नए सौ शैया अस्पताल भवन में शिफ्ट किए गए टीबी वार्ड में अव्यवस्थाओं का आलम यह है कि यहां अब तक ऑक्सीजन की पाइपलाइन ही नहीं बिछाई जा सकी है। इसके चलते गंभीर मरीजों का इलाज पूरी तरह से ऑक्सीजन सिलिंडरों पर टिका हुआ है।
टीबी वार्ड में भर्ती मरीजों को जब अचानक ऑक्सीजन की जरूरत होती है, तो वार्ड तक बड़ा सिलिंडर खींचकर लाना पड़ता है। सिलिंडर को मरीज के बेड तक पहुंचाने और उसे कनेक्ट करने में लगने वाले समय के दौरान मरीज की सांस और अधिक फूलने लगती है और उसका दम घुटने जैसी नौबत आ जाती है।
टीबी वार्ड में ऑक्सीजन पाइपलाइन की व्यवस्था कराने के लिए संबंधित उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। प्रक्रिया जारी है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। व्यवस्था पूरी होते ही मरीजों को पाइपलाइन के माध्यम से ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जाएगी। - डॉ. नवीन जैन, सीएमएस