कार्रवाई के बाद सैंपल सील करते खाद्य निरीक्षक। स्रोत: प्रशासन
- फोटो : कार्रवाई के बाद सैंपल सील करते खाद्य निरीक्षक। स्रोत: प्रशासन
सिरसागंज (फिरोजाबाद)। रक्षाबंधन के त्योहार पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मंगलवार देर रात कार्रवाई की। सिरसागंज क्षेत्र के गांव नगला महासुख में रात करीब 12 बजे पहुंची टीम ने तीन घरों में संचालित अवैध मावा इकाइयों पर छापा मारा। मौके से सल्फर और एसएमपी (स्किम्ड मिल्क पाउडर) से तैयार किया जा रहा लगभग 10 क्विंटल नकली मावा जब्त कर मौके पर ही नष्ट कराया गया। मामले में नौ सैंपल भरकर दो निर्माताओं के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त (द्वितीय) चंदन पांडेय के नेतृत्व में टीम ने नगला महासुख में सबसे पहले कप्तान सिंह के घर में छापा मारा। यहां से घी, अपमिश्रक (घोल), मावा, मिश्रित दूध और एसएमपी पाउडर के 6 नमूने लिए गए। यहां लगभग 1.50 लाख रुपये कीमत का 600 किलो नकली मावा नष्ट कराया गया। इसके बाद धर्म सिंह के घर से मावा व एसएमपी पाउडर के 2 नमूने लिए। एक लाख रुपये कीमत का 400 किलो मावा नष्ट कराया गया। तीसरे निर्माता विक्रम सिंह के घर से मावा का एक नमूना लिया है।
कानपुर मंडी से मिला था इनपुट
सहायक आयुक्त चंदन पांडेय ने बताया कि कानपुर मंडी से इनपुट मिला था कि फिरोजाबाद से बड़े पैमाने पर ट्रेन के जरिये नकली मावा सप्लाई किया जा रहा है। सूचना के बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। सटीक जानकारी पर यह कार्रवाई हुई। उन्होंने बताया कि यह मावा सल्फर और पाउडर के केमिकल घोल से तैयार किया जा रहा था।
तीनों पर नहीं मिले लाइसेंस
कप्तान सिंह और धर्म सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। तीनों मौके पर लाइसेंस भी नहीं दिखा सके। कार्रवाई करने वाली टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. तुलिका शर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद वर्मा, संदीप कुमार, मनोज कुमार, यशपाल यादव और अरुण कुमार मुख्य रूप से शामिल रहे।