उत्तर प्रदेश पुलिस में आठ हजार महिला कांस्टेबलों की भर्ती होगी। इनकी ट्रेनिंग को मुख्यालय स्तर से आदेश जारी कर दिया गया है।
पुलिस अकादमी, पीटीसी और पीटीएस में कितनी लड़कियों को प्रशिक्षण दिलाया जाएगा यह भी तय कर लिया गया है। सेंटर प्रभारियों से कहा गया है कि वह तैयारियां पूरी कर लें।
पुलिस में एक बड़ा ‘भर्ती मेला’ शुरू होने जा रहा है। कुल 39000 की भर्ती होनी है। हालांकि अभी तारीख और महीना तो तय नहीं किया गया है लेकिन माना जा रहा है कि एक दो महीने में प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
शासन ने भी ट्रेनिंग के लिए व्यवस्थाएं बनानी शुरू कर दी हैं। पुलिस अकादमी में 588 का प्रशिक्षण होगा। पीटीएस मुरादाबाद में 650 और पीटीएस मेरठ में 850 को ट्रेनिंग दिलाई जानी है।
अकादमी के एसएसपी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्यालय से पत्र जारी हुआ है। महिला कांस्टेबलों को ट्रेनिंग प्रशिक्षण केंद्रों पर ही दिलाने को कहा गया है।