मुराइनटोला स्थित आवास में परिवार के साथ जिला टॉपर जेबा परवीन।
- फोटो : amarujala
फतेहपुर। सीबीएसई 10वीं की परीक्षा में जेबा परवीन ने 98.8 प्रतिशत अंक पाकर जिला टॉप किया। उसके पिता दुबई में नौकरी काम करते हैं। महर्षि विद्या मंदिर सीनियर सेकेंड्री स्कूल में नर्सरी से अब तक पढ़ी इस मेधावी छात्रा की सफलता से स्कूल व परिवार दोनों खुश हैं। बेटी की इस खुशी में शामिल होने इन दिनों उसके पिता मो. मुकीम भी घर आए हुए हैं। जेबा पढ़ाई पूरी कर आईएएस बनना चाहती है।
शहर के मुराइनटोला में इनका घर है। जेेबा की मां जाकिया परवीन गृहिणी हैं। छोटा भाई मो. इरशाद इसी स्कूल में कक्षा नौ का छात्र है। जेबा का कहना है कि वह आगे की पढ़ाई इसी स्कूल में कामर्स से करेगी। स्कूल के अलावा वह घर में चार से पांच घंटे नियमित पढ़ाई करती थी। सुबह की पढ़ाई कारगर रही और उसने यह मुकाम हासिल किया है। मेरिट सूची में शामिल होने के लिए परीक्षा से पूर्व घर में प्रैक्टिस करना बहुत जरूरी है। ऐसे में बच्चों को परीक्षा की तैयारी के साथ प्रतिदिन एक पेज हिंदी व अंग्रेजी का सुलेख जरूर लिखना चाहिए। उन्होंने बच्चों को रट्टू तोता बनने से परहेज करने और हर सवाल को तर्क की कसौटी पर परखने की जरूरत बताई।