फतेहपुर। पुलिस भर्ती परीक्षा की नई तिथियों की घोषणा होते ही युवा तैयारियों में जुट गया है। वह प्रतियोगी कोचिंगों के अलावा डिजिटल लाइब्रेरियों में पढ़ाई कर रहा है। 17 व 18 फरवरी को पुलिस कांस्टेबल परीक्षा का आयोजन हुआ था। धांधली के चलते परीक्षा रद्द हो गई थी। अब परीक्षा 23, 24, 25, 30 व 31 अगस्त को आयोजित की जा रही है। इसके लिए जनपद में नौ केंद्र बनाए गए हैं। इसमें करीब दस हजार प्रतिभागी प्रतिभाग करेंगे। इसको लेकर युवा उत्साहित है।
बिंदकी निवासी करन सिंह परीक्षा में दोबारा सम्मिलित होने के लिए उत्साहित हैं। बताया कि फरवरी में हुई परीक्षा में कुछ कमियां रह गई थी। उन्हें दुरुस्त कर लिया है। इस बार पूरी ऊर्जा के साथ परीक्षा में बैठ सफलता अर्जित करना ही लक्ष्य है।
बिंदकी के अक्षय गुप्ता ने बताया कि इस बार नकल के लिए कानून भी लागू हो गया। सबसे बड़ा डर परीक्षा के बाद रद्द होने का लगा रहता है। परीक्षा की तैयारी में कोई कमी नहीं छोड़ी है। इस बार सफलता अर्जित कर अपने अरमानों को पूरा करेंगे।