बकेवर। थाना क्षेत्र के तिवारीपुर गांव में बहनोई से मिलने आए युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। युवक कानपुर के नरवल थाना क्षेत्र के शिशुपुर गांव का रहने वाला था।
शिशुपुर निवासी रामकिशुन रविदास का पुत्र सुनील (32) रविवार को तिवारीपुर में बहनोई इंद्रपाल से मिलने आया था। करीब एक घंटे रुकने के बाद वह गांव में ही दोस्त हरिवंश से मिलने चला गया। रात करीब आठ बजे गांव के कुछ लोग खेतों की ओर से लौट रहे थे, तभी उन्होंने तालाब में एक व्यक्ति को बाहर निकलने का प्रयास करते देखा।
तालाब में किसी के डूबने की आशंका पर सुनील की तलाश शुरू की गई, लेकिन उसका पता नहीं चला। छोटे साले के तालाब में डूबने की जानकारी इंद्रपाल ने बड़े साले अनिल और पुलिस को दी।
रात करीब नौ बजे सुनील को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने बताया कि युवक की तालाब में डूबने से मौत हुई है। परिजन से जानकारी कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
फाइल फोटो-04-सुनील। स्रोत परिजन