किशनपुर। थाना क्षेत्र के गांव रायपुर भसरौल के मजरे लोहरन डेरा में बकरी चराने गए पहलवान की बुधवार को मौत हो गई। ग्रामीण जंगली सूअर के हमले से मौत बता रहे हैं।
गांव निवासी रामकृपाल यादव (65) पहलवान थे। वह दंगलों में कुश्ती लड़ने जाते थे। वह जंगल में बुधवार सुबह बकरी चराने गए थे। कुछ देर बाद जंगल में भैंस चराने गए लोगों ने पहलवान को अचेत अवस्था में देख परिजनों को खबर दी। परिजन अस्पताल लेकर जाने लगे। रास्ते में पहलवान ने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने जंगली सूअर के हमले से पहलवान की मौत की आशंका जताई है।
थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने बताया कि ग्रामीण मौत का कारण जंगली सूअर का हमला बता रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। (संवाद)