फाइल फोटो-46-लोटन सिंह। स्रोत: परिजन
हथगाम। थाना क्षेत्र के अलौदीपुर मोड़ अहिंदा गांव स्थित एक आइसक्रीम फैक्टरी में काम कर रहे कारीगर की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। नाराज परिजन ने फैक्टरी के बाहर शव रखकर हंगामा किया। पुलिस ने परिजन को शांत कराकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
किशनपुर क्षेत्र के रानीपुर बहेरा निवासी लोटन सिंह (45) आइसक्रीम कारीगर थे और हथगाम थाना क्षेत्र के अलौदीपुर मोड़ अहिंदा गांव स्थित एक फैक्टरी में काम करते थे। कारीगर की पत्नी गुड्डन सिंह ने बताया कि रविवार शाम करीब पांच बजे उनकी पति से मोबाइल पर बातचीत हुई थी। इसके कुछ देर बाद फैक्टरी मालिक का फोन आया कि लोटन सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई है।
परिजन फैक्टरी पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए सीएचसी हथगाम ले गए। यहां डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। परिजन का आरोप है कि फैक्टरी में पिछले तीन महीनों से मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया था।
नाराज परिजन ने फैक्टरी के बाहर शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। थानाध्यक्ष अरुण कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
फाइल फोटो-46-लोटन सिंह। स्रोत: परिजन