फतेहपुर। प्लॉट का बैनामा नहीं करने पर महिला के घर में घुसकर उस पर तमंचा तान दिया। विरोध पर उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने मामले में शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज की है।
प्रकरण में महिला के पति और बीजेपी नेताओं को फोन पर धमकी, गाली गलौज का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के केबी नगर निवासी मोहम्मद एजाज उर्फ चांद ने पुलिस को बताया कि मोहल्ले का रिजवान कसाई आपराधिक किस्म का है। वह उन पर प्लॉट का बैनामा करने का दबाव बना रहा है।
रिजवान कसाई 28 अक्तूबर को उसके घर पहुंचा। घर में पत्नी चांदनी बानो और बेटी थी। उसने पत्नी पर तमंचा तानकर पीटा और गोली मार देने की धमकी दी। इसकी रिकाॅर्डिंग भी मोबाइल पर है।
आरोप है कि रिजवान ने उसके व्हाट्सएप पर धमकी का ऑडियो भेजा। इसमें उसे और भाजपा नेताओं को गालियां दे रहा है। कोतवाल तारकेश्वर राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।