थरियांव (फतेहपुर)। थाना क्षेत्र के कोर्रा सादात गांव में पति से विवाद के बाद महिला की जहर खाने से मौत हो गई। परिजन शव के अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे थे। सूचना मिलने पर मायका पक्ष पहुंच गया और हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने परिजन से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए।
कौशाम्बी जिले के सैनी थाना क्षेत्र के सिराथू मटियरा निवासी भैयालाल की पुत्री पूनम (35) की शादी 13 वर्ष पहले थरियांव थाना क्षेत्र के कोर्रा सादात निवासी दिनेश दिवाकर के साथ हुई थी। दंपती के दो बेटे प्रशांत और इशांत हैं। दिनेश झोलाछाप है और गांव में क्लीनिक चलाकर लोगों का इलाज करता है।
बताया गया कि बृहस्पतिवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद पूनम की जहर खाने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर महिला का भाई विनीत कुमार और बहन मीना दिवाकर मौके पर पहुंचे।
आरोप है कि ससुराल पक्ष शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहा था। बेटे प्रशांत ने फोन पर मां की मौत की जानकारी दी। इसके बाद यूपी डायल 112 पर सूचना दी गई।
थरियांव पुलिस मौके पर पहुंची। महिला के भाई विनीत कुमार ने बहन की हत्या का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फाइल फोटो-42-पूनम। स्रोत: परिजन