फतेहपुर। साइबर अपराधियों ने विदेश से हीरे का हार, आईफोन और 12 लाख रुपये की विदेशी करेंसी भेजने का झांसा देकर महिला सिपाही से 97 हजार रुपये की ठगी कर ली। मामले में पुलिस ने रविवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राधानगर थाना क्षेत्र के पुलिस लाइन निवासी सोनम सिपाही हैं और लाइन में किसी शाखा में तैनात हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि मंगलवार को उनके व्हाट्सएप पर एक कॉल आई थी। कॉल करने वाले युवक ने आईफोन, हीरे का हार और 12 लाख रुपये की विदेशी करेंसी का वीडियो भेजकर दावा किया कि यह पार्सल उनके नाम से आया है।
आरोपी ने बताया कि पार्सल महाराष्ट्र एयरपोर्ट पर रोक लिया गया है और उसे छुड़ाने के लिए रुपये देने होंगे। पार्सल मिलने पर बड़ी रकम और सामान मिलने का लालच देकर रुपये भेजने का दबाव बनाया गया। इसके बाद आरोपी ने मोबाइल पर बारकोड भेजकर भुगतान कराया। सिपाही ने तीन बार में कुल 97 हजार रुपये स्कैन कर भेज दिए।
बाद में आरोपी ने और रुपये की मांग की तो उन्हें ठगी का शक हुआ। इसके बाद उन्होंने 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर श्रीवास्तव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।