खागा। कोतवाली क्षेत्र के वासुदेवपुर गांव में बुधवार शाम घर के अंदर महिला को सांप ने पैर में डस लिया। परिजन ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं नगर के एक मोहल्ले में रिश्तेदारी में आए प्रयागराज के तीन लोगों को भी सांप के डसने की आशंका पर सीएचसी लाया गया। जांच के बाद तीनों को प्राथमिक उपचार देकर घर भेज दिया गया।
वासुदेवपुर निवासी रोशन की पत्नी धनरानी देवी बुधवार शाम घर के अंदर थीं। तभी सांप ने पैर में डस लिया। पुत्र राहुल कुमार उन्हें तत्काल सीएचसी लेकर पहुंचा, जहां उपचार शुरू किया गया। दूसरी घटना में प्रयागराज जनपद के सलोन सराय थाना क्षेत्र के प्रीतमनगर निवासी आदित्य मौर्य अपनी बहन हिमांशी मौर्या और नीलम मौर्या के साथ नगर के एक मोहल्ले में रिश्तेदारी में आए थे।
आदित्य ने बताया कि मंगलवार-बुधवार रात तीनों एक ही कमरे में सो रहे थे। नींद खुलने पर उन्होंने करीब पांच फीट लंबे सांप को पैर के ऊपर से निकलकर आगे जाते देखा। सांप के डसने की आशंका पर तीनों को सीएचसी लाया गया।
सीएचसी में डॉ. सुभाषधर द्विवेदी ने जांच की। किसी में सांप के डसने के लक्षण अथवा निशान नहीं मिले। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को घर जाने की छुट्टी दे दी गई। आदित्य ने बताया कि उन्होंने सांप की तस्वीर मोबाइल फोन में ले ली थी।