फतेहुपर। दहेज की मांग पूरी न होने पर शादी के एक वर्ष बाद ससुरालियों ने महिला को पीटकर घर से निकाल दिया। पुलिस ने पति समेत छह ससुरालियों के खिलाफ बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज की है।
राधानगर थाना क्षेत्र के मलाका गांव की रहने वाली रमेश गुप्ता की पुत्री आंशी देवी ने बताया कि उसकी शादी थरियांव थाना क्षेत्र के बहरामपुर गांव के रहने वाले हीरालाल के पुत्र शिवम गुप्ता के साथ एक साल पहले हुई थी। शादी के बाद सास सतरुपा, ससुर हीरालाल, ननद शिवानी, पुष्पा, मीनू, नंदोई संजय, पति ने उसे 12 मई को पीटकर घर से निकाल दिया।
भाई हिमांशु ससुराल पहुंचा। ससुरालियों ने भाई को भी जान से मारने की धमकी दी। यूपी 112 नंबर पर पुलिस को खबर दी। पुलिस ने भाई के साथ उसे मायके भेज दिया। 17 मई को ससुराली मायके आए और साथ चलने के लिए कहने लगे। मना करने पर पति ने पीट दिया। प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर श्रीवास्तव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।