फोटो-09-खड्ड में पलटा पड़ा ट्रैक्टर ट्राला। संवाद
जाफरगंज। सीमेंट लादकर जा रहा ट्रैक्टर-ट्राॅला शुक्रवार को हुक (हिच) टूटने से अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गया। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सदर कोतवाली क्षेत्र के उधन्नापुर निवासी शानू (25) ट्रैक्टर चालक है। वह ट्रैक्टर-ट्राॅला में करीब 150 बोरी सीमेंट लादकर मऊदेव चौराहे की ओर जा रहा था। जाफरगंज थाना क्षेत्र के खूंटाझाल गांव के पास ट्राला और इंजन को जोड़ने वाली हिच अचानक टूट गई। इससे ट्रैक्टर-ट्राला अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गया। हादसे के दौरान चालक ने ट्रैक्टर से कूदकर जान बचा ली। घायल चालक को ग्रामीणों ने पास के नर्सिंग होम में भर्ती कराया है।
कार की टक्कर से बाइक सवार दंपती घायल
खागा कोतवाली क्षेत्र के ऐलई गांव स्थित मोबाइल टावर के पास बृहस्पतिवार शाम कार की टक्कर से बाइक सवार दंपती घायल हो गए। खखरेरू थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी मोहम्मद रईस पत्नी रुखसाना के साथ बाइक से खागा बाजार आए थे। रात करीब 10 बजे दोनों घर लौट रहे थे। ऐलई गांव स्थित टावर के पास सामने से कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हेलमेट पहने होने के कारण मोहम्मद रईस को कम चोटें आईं। पत्नी रुखसाना के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोट आईं। राहगीरों ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने रुखसाना की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
फोटो-09-खड्ड में पलटा पड़ा ट्रैक्टर ट्राला। संवाद