फोटो-08-छात्राओं को सम्मानित करते खंड शिक्षाधिकारी। संवाद
जाफरगंज। खजुहा विकास क्षेत्र के जोनिहा कस्बा स्थित एक मैरिज लॉन में सोमवार को एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। अध्यक्षता बीईओ पवन द्विवेदी ने की। यहां वीरगाथा प्रतियोगिता और राष्ट्रीय आविष्कार अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यशाला में बीईओ ने ऑपरेशन कायाकल्प, बालिका शिक्षा, आउट ऑफ स्कूल बच्चों का नामांकन, निपुण मिशन, विद्यालय पुस्तकालय और स्मार्ट क्लास सहित विभागीय योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। योजनाओं का लाभ अंतिम छात्र तक पहुंचाना शिक्षकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
वीरगाथा प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय हाफिजपुर हरकरन की चयनित छात्रा शिफा, राष्ट्रीय आविष्कार अभियान में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली कंपोजिट विद्यालय दौलतियापुर की अंशिता यादव को सम्मानित किया गया।
प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष बलराम सिंह ने शिक्षकों से शासन की योजनाओं को प्राथमिकता के साथ लागू करने की अपील की। उन्होंने वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर शिक्षक पात्रता परीक्षा लागू किए जाने का विरोध भी जताया। इस दौरान प्रधान, परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और प्रभारी प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।
फोटो-08-छात्राओं को सम्मानित करते खंड शिक्षाधिकारी। संवाद