खागा में 10 दिन पहले जले दो ट्रांसफार्मर अभी तक नहीं बदले गए हैं। इससे धाता ब्लाक के कालूपुर मजरे बसवा गांव का हाल, बदहाल हो गए है। एक ओर लोगों को बिजली नहीं मिल रही है तो दूसरी ओर उन्हें पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। गांव के एक व्यक्ति जेनरेटर चलाकर सुबह और शाम करीब 25 घरों का पानी मुहैया कराते हैं।
धाता ब्लॉक के कालूपुर मजरे बसवा निवासी मनोज मिश्र, लखन यादव, रामसुंदर गौतम, अनूप, अरुण यादव, रामप्रकाश गुप्ता ने बताया कि गांव में एक 63 केवीए व एक 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा हुआ था। रसूलपुर सानी बिजली उपकेंद्र से यहां बिजली आपूर्ति होती है। दस दिन पहले दोनों ट्रांसफार्मर फुंक गए थे।
इसके बाद अभी तक नए ट्रांसफार्मर नहीं लग सके है। ऐसे में बिजली के साथ लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। गांव के मकरन्द मिश्र के यहां जेनरेटर है। जहां से रोज सुबह और शाम गांव के 25 घरों के लोगों को पानी नसीब हो रहा है। लोगों ने बिजली विभाग से ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की है।