फोटो-19-अल्ट्रासाउंड के लिए अपनी बारी का इंतजार करते मरीज। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। जिला अस्पताल के महिला व पुरुष वार्ड में अल्ट्रासाउंड जांच कराने के लिए मरीजों को कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। इंतजार में मरीजों को समय से इलाज भी नही मिल पा रहा है। हताश होकर मरीज निजी केंद्रों पर महंगी जांच करवाने के लिए मजबूर हैं।
जिला अस्पताल में महिला व पुरुष के लिए अलग-अलग दो अल्ट्रासाउंड मशीनों की सुविधा है। यहां हर दिन लगभग 120 मरीजों का अल्ट्रासाउंड होता है। महिला अस्पताल में 50 से अधिक गर्भवती महिलाएं हर दिन अल्ट्रासाउंड जांच के लिए पहुंचती हैं। उसके अलावा पेट दर्द की समस्या से ग्रसित महिला मरीजों को भी अल्ट्रासाउंड लिखा जाता है।
इसी तरह पुरुष अस्पताल में हर रोज पेट से संबंधी 70 से 80 मरीजों का परीक्षण होता है। इसके बाद भी मरीजों की लाइन अल्ट्रासाउंड कक्ष के सामने लगी रहती है। ऐसे में पुरुष अस्पताल में हर रोज 20 से 30 मरीजों को अगली तारीख दे दी जाती है। वेटिंग बढ़कर दो से तीन दिन तक पहुंच गई है। वहीं महिला अस्पताल के अल्ट्रासाउंड जांच की वेटिंग सात से आठ दिन पहुंच गई है। ऐसे में दर्द से पीड़ित मरीज निजी पैथोलॉजी में अल्ट्रासाउंड कराने को मजबूर है।
स्पीकअप
फोटो-20- बहुआ ब्लॉक शाह कस्बे के रहने वाले ब्रजेश कुमार ने बताया की अपने भतीजे के हाथ का अल्ट्रासाउंड कराना था। वह भतीजे को लेकर दस बजे अल्ट्रासाउंड कक्ष पहुंचे। उनको दो दिन बाद का समय दे दिया गया है।
फोटो-21- भिटौरा ब्लॉक के केवई गांव निवासी वीर सिंह सीने के दर्द से कराह रहे हैं। उनका कहना है कि अल्ट्रासाउंड के लिए तारीखें दी जा रही हैं। तारीख के बाद भी सुबह से लाइन में खड़ा होकर जांच का इंतजार करना पड़ रहा है।
-बयान-
मरीजों की सुविधा के लिए अल्ट्रासाउंड मशीन बढ़ाने के लिए कहा गया है। जल्द ही मशीनों की व्यवस्था की जाएगी ताकि मरीजों को राहत मिल सके।-डॉ. पीके सिंह, सीएमएस जिला अस्पताल