फोटो-23-वीडियो में व्यक्ति से पैसा लेती महिला बाबू। स्त्रोत वीडियो ग्रैब
फतेहपुर। शहर के बेरुईहार बिजली उपखंड कार्यालय की एक महिला लिपिक (बाबू) का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में वह एक व्यक्ति से खुलेआम रुपये लेते दिख रही है। वीडियो वायरल होने के बाद बिजली विभाग में अफरातफरी मच गई है।
हालांकि, अमर उजाला इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद अधीक्षण अभियंता अनिल वर्मा ने तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि कर्मचारी दोषी पाई गई तो विभागीय कार्रवाई तय है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्यालय में पहले भी भ्रष्टाचार की शिकायतें मिलती रही हैं, लेकिन पहली बार इसका वीडियो सबूत सामने आया है। इस घटना से आम जनता में नाराजगी है।
लोगों का कहना है कि यह प्रशासन की नाकामी है कि अब तक ऐसे मामलों में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता अनिल वर्मा का कहना है कि जांच पारदर्शी तरीके से की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।