फतेहपुर। शहर के फुटपाथों पर लगने वाले दो बाजार हटेंगे। इससे जाम की समस्या से निजात मिलेगी। पत्थरकटा सब्जी बाजार हरिहगंज ओवरब्रिज के नीचे और पीरनपुर कबाड़ी बाजार ट्रांसपोर्ट नगर में स्थानानंतरित होगा। इसके लिए नगर पालिका ने व्यापार मंडल और कबाड़ व्यवसायियों की नौ नवंबर को बैठक बुलाई है।
शहर के पीरनपुर स्थित पुराने बांदा-सागर रोड पर काफी अर्से से कबाड़ी मार्केट है। सड़क के दोनों ओर बड़ी तादाद में कबाड़ डंप है। इससे दोनों तरफ से बड़े वाहनों के आवागमन में अक्सर जाम की समस्या उत्पन्न होती है। इतना ही नहीं लोहे के टुकड़े और कील सड़क में बिखरे होने से वाहनों के टायर पंचर होते रहते हैं। इस समस्या के निस्तारण की नगर पालिका ने योजना को अंतिम रूप दे दिया है। यह बाजार अब शहर के बाहर ट्रांसपोर्ट नगर में शिफ्ट होगा।
इसी तरह पत्थरकटा चौराहे के अस्ती रोड पर प्रतिदिन शाम को बड़ा सब्जी बाजार लगता है। शाम पांच बजे से रात नौ बजे तक इस मार्ग पर वाहनों का निकलना मुश्किल होता है। वाहनों के गुजरने से जाम की समस्या पैदा होती है। ऐसे में नगर पालिका ने यह सब्जी बाजार हरिहरगंज ओवरब्रिज से नीचे शिफ्ट करने की योजना बनाई है। जल्द ही यह बाजार ओवरब्रिज के नीचे लगना शुरू हो जाएगा।
मंडी में लगभग सौ सब्जीं दुकानें हैं लगती
पत्थरकटा चौराहे के अस्ती रोड पर पार्षद तिराहा तक फुटपाथ सब्जी के ठेले व दुकानों से पट जाता है। यहां पर करीब सौ दुकानें शाम से रात तक लगती हैं। बाजार में आवास विकास, रानी काॅलोनी, खलील नगर, आबूनगर, जेल के पीछे काॅलोनी तक के लोग सब्जी लेने पहुंचते हैं। ऐसे में यहां शाम से जाम की स्थिति बनी रहती है। इस तरह कबाड़ी मार्केट में भी करीब 50 दुकानें आवागमन प्रभावित करती हैं।
....बयान...
पत्थरकटा का सब्जी बाजार और पीरनपुर का कबाड़ी बाजार दोनों ही सड़क फुटपाथों पर लग रहे हैं। इससे अक्सर दोनों स्थानों पर जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। ऐसे में यह दोनों बाजारों का स्थान बदलने की तैयारी है। इसके लिए नगर पालिका ने व्यापार मंडल और कबाड़ी व्यवसायियों की नौ नवंबर को बैठक बुलाई है।
रवींद्र कुमार, ईओ नगर पालिका
...........................