मुख्य अतिथि के रूम में मौजूद इलाहाबाद राज्य विश्वविद्यालय के कुलपति राजेंद्र प्रसाद।
- फोटो : अमर उजाला
गीत संगीत के बीच महात्मा गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सांस्कृतिक समारोह का आयोजन रविवार को हुआ। ‘राष्ट्र निर्माण में शिक्षा, समाज और छात्रों की भूमिका’ विषय पर विचार गोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि इलाहाबाद राज्य विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर राजेंद्र प्रसाद ने शिक्षा के निजीकरण पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि इससे नकल को बढ़ावा मिलता है और प्रतिभा का सम्मान करने के लिए नकल का रोका जाना जरूरी है।कुलपति को सीआईएसएफ के जवानों ने गार्ड ऑफ आनर पेश किया। एनसीसी कैडेटों ने सलामी दी। कुलपति ने प्रगतिशील विचारधारा से जुड़ने पर बल दिया तथा वैश्विक दृष्टिकोण को स्थानीय अमल के साथ अपनाने की सलाह भी दी।
शिक्षा के निजीकरण के दुष्प्रभाव गिनाए। उन्होंने इसे व्यापार बनाने से रोकने पर जोर दिया। शिक्षकों और छात्रों दोनों को अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने के लिए सचेत किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में सीआईएसएफ के कमांडेंट बृजभूषण मौजूद रहे। अध्यक्षता महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष अशोक गौड़ ने की। संचालन स्नातकोत्तर हिंदी विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक अनूप शुक्ल ने किया। प्राचार्य डा. ओंकारनाथ द्विवेदी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों में नया उत्साह पैदा होता है जो आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम अधिकारी डा.सारिका दुबे ने महाविद्यालय की प्रगति आख्या पेश की और राष्ट्र निर्माण शिक्षा और छात्रों की सक्रिय भागीदारी पर बल दिया।
फतेहपुर। एमजी डिग्री कालेज में ‘राष्ट्र निर्माण में शिक्षा, समाज और छात्रों की भूमिका’ विषय गोष्ठी में छात्र छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्र्रमों की झड़ी लगा दी। छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत करने के बाद नृत्य और गीत के माध्यम से समां बांध दिया। अनिवार्य शिक्षा और दहेज प्रथा का बेहतरीन मंचन किया। छात्र छात्राओं ने एक अनूठी प्रस्तुति के तहत भारत की विभिन्न भाषाओं हिंदी, गुजराती, पंजाबी, तेलगू, बंगाली, उर्दू में मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया। छात्रों ने ताइक्वांडो कला का भी प्रदर्शन किया।