फतेहपुर। कोरोना संक्रमण की रोकथाम को चल रहे वैक्सीनेशन की प्रक्रिया में जनता के साथ स्वास्थ्य विभाग के जवाबदेह अपनी जिम्मेदारियों से भाग रहे हैं। असोथर में शनिवार को फिर टीकाकरण थम गया। बुधवार और गुरुवार को भी यहां पर एक भी टीका नहीं लगा था। जिले में टीकाकरण को लेकर अभी भी जागरूकता का अभाव बना है।
यही कारण है कि लक्ष्य के सापेक्ष टीकाकरण नहीं हो पा रहा है। कुछ एक सत्र केंद्रों को छोड़ दें, तो बाकी में टीकाकरण की रफ्तार बेहद धीमी है। कहीं पर 10 लोगों को टीका लग रहा है तो कहीं पर 201 शनिवार बहुआ केंद्र में 50, हसवा 140, भिटौरा 50, तेलियानी 24, पीपीसी 145, खागा 50, हथगाम 38, विजयीपुर 10, धाता 18, अमौली 60, देवमई 73, खजुहा 126 और गोपालगंज केंद्र में 70 लोगों ने टीका लगवाया। सहायक जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि शनिवार 13 केंद्र में ही टीकाकरण हो सका। 853 लोगों को वैक्सीन की डोज दी गई। असोथर सत्र केंद्र से लगातार लापरवाही सामने आ रही है। रविवार को प्रशासनिक बैठक में डीएम के समक्ष यह बात रखी जाएगी।