फतेहपुर। जिले में यूरिया की किल्लत खत्म करने के लिए 2660 मीट्रिक टन यूरिया फूलपुर इफ्को प्लांट से आएगी। इसका आवंटन भी कर दिया गया है, जिसमें 2060 मीट्रिक टन यूरिया समितियों को दी जाएगी। गुरुवार को रैक प्वाइंट पर यूरिया आने की संभावना है।
रबी के सीजन में इस समय आलू, गेहूं की फसलों में यूरिया के छिड़काव की जरूरत है। पीसीएफ के गोदाम यूरिया से खाली हो गए हैं। किसानों की जरूरत को देखते हुए जिले के लिए इफ्को प्लांट फूलपुर से 2660 मीट्रिक टन यूरिया भेजी जा रही है। इसमें समितियों को 2060 मीट्रिक टन, केंद्रीय उपभोक्ता सहकारी भंडार लिमिटेड, पीसीएफ क्रय केंद्र, जिला सहकारी संघ को 100-100 मीट्रिक टन यूरिया दी जाएगी। इफ्को किसान सेवा केंद्र बिंदकी को 50 मीट्रिक टन, यूपी एग्रो को 72 मीट्रिक टन, आईएफएफडीसी, एग्रीजंशन, एफपीओ को 120 मीट्रिक टन और अद्यानिक समितियों को 58 मीट्रिक टन यूरिया दी जाएगी।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता रामनयन सिंह ने बताया कि समितियों से खाद लेने के लिए किसानों का रुझान अधिक रहता है और समितियों में संख्या भी अन्य बिक्री केंद्रों से ज्यादा है। इसलिए समितियों के लिए ज्यादा यूरिया का आवंटन किया गया है।