खागा। किशनपुर रोड स्थित निजी अस्पताल में सोमवार देर शाम इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। परिजन ने अस्पताल स्टाफ पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजन को समझाकर शांत कराया।
किशनपुर थाना क्षेत्र के बरैची निवासी महेश कुमार की पत्नी रेनू देवी (26) को सोमवार शाम करीब पांच बजे उलझन होने पर परिजन ने रेलवे पुल के पास स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। परिजन का आरोप है कि उपचार के दौरान स्टाफ ने रेनू को इंजेक्शन लगाया। कुछ देर बाद ही उसकी हालत बिगड़ गई और शाम सात बजे उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की जानकारी पर परिजन ने हंगामा शुरू कर दिया।
पति महेश कुमार ने आरोप लगाया कि अस्पताल में अधिकांश स्टाफ अप्रशिक्षित है। पत्नी को भर्ती कराने के बाद उपचार के दौरान इंजेक्शन लगाए जाने की जानकारी हुई है, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस परिजन को समझाकर शांत कराया। कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि परिजन से घटना की जानकारी ली जा रही है। लगाए गए आरोपों की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।