जाफरगंज (फतेहपुर)। सड़क किनारे साइकिल में हवा भर रहे आठवीं के छात्र को मंगलवार शाम करीब चार बजे तेज रफ्तार कार सवार ने कुचल दिया। छात्र की मौके पर मौत हो गई। कार सवार नशे में बताया जा रहा है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। हालांकि, हादसा मुख्य मार्ग नहीं होने की वजह से यातायात खासा प्रभावित नहीं हुआ। हादसे के पांच घंटे बाद तक पुलिस शव को हटवाने का प्रयास करती रही।
थाना क्षेत्र के पांडेयपुर गांव निवासी जुग्गीलाल का पुत्र गोपेश (15) कृष्णा इंटर कॉलेज फिरोजपुर में छात्र था। वह मंगलवार शाम चार बजे घर से साइकिल में हवा भराने डिघरुवा गांव स्थित दुकान पर गया था। वह खुद ही साइकिल में हवा डाल रहा था। रोटी चौराहे की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार सवार ने उसे कुचल दिया। परिजन उसे नजदीकी नर्सिंग होम ले गए, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने शव रोड पर रखकर हंगामा कर दिया।
जहानाबाद बसंतखेड़ा मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। देवरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़ने और मुआवजे की मांग की। छात्र बिंदकी विधायक जय कुमार सिंह जैकी के स्कूल में पढ़ता था। इसी वजह से ग्रामीणों ने विधायक को भी बुलाने की मांग की। कुछ देर बाद पुलिस ने चालक की कार बरामद की। ग्रामीणों ने बताया कि चालक को शराब की दुकान में पीते देखा गया था। नशे में चालक 80 से 100 किलोमीटर की रफ्तार से जा रहा था, इसी वजह से हादसा हुआ है।
छात्र की मौत से मां सुमिरत देवी, बहन सलोनी, भाई उमेश, लल्लू, विवेक का हाल बेहाल दिखा। चौकी प्रभारी विजय नारायण त्रिवेदी ने बताया कि मार्ग व्यस्तम नहीं है। जाम जैसे हालात नहीं है। करीब शाम सात बजे प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार व अन्य थानों का फोर्स पहुंचा। निरीक्षक ने बताया कि परिजनों को समझाकर शव को हटवाने का प्रयास किया जा रहा है।