रानीपुर घाट में पोकलैंड मशीन से हो रहा मोरंग खनन
- फोटो : FATEHPUR
खागा रानीपुर-2 मौरंग खदान में पानी के अंदर से मौरंग खनन की शिकायत पर बुधवार को खनन टीम ने छापामारी की। टीम ने मौके से दो पोकलैंड मशीनों को पानी में खनन करते पकड़ा और सीज कर दिया। साथ ही एक ओवरलोड ट्रक भी मौके से पकड़ा गया। टीम ने उसे थाना पुलिस को सौंप दिया।
खनन टीम ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी कि धाता थाना क्षेत्र में संचालित खदानों पर नियमों की अनदेखी कर मौरंग खनन किया जा रहा है। दिन-रात बड़े बूम की मशीनों से मौरंग खनन कर भंडारण किया जा रहा है।
अनियमितता इस कदर है कि शाम होते ही मशीनें पानी के अंदर घुसकर मौरंग खनन में जुट जाती हैं। जिला खान अधिकारी मिथलेश पांडेय व थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार दोपहर रानीपुर खंड-2 में दबिश दी। हड़कंप मच गया।
खनन में लगी पोकलैंड मशीनों को इधर-उधर छिपाने का प्रयास होने लगा। संयुक्त टीमों ने दो पोकलैंड मशीनों को पानी के अंदर से मौरंग खनन करते पकड़ लिया। दबिश की खबर से मौरंग लदे ट्रक जो घाट से बाहर निकल गए थे, वे भी छिपा दिए गए।
टीम ने एक ओवरलोड ट्रक मौके से पकड़ा। जिला खान अधिकारी ने बताया कि पानी निकलने के बाद खनन बंद होना चाहिए था। सूचना मिल रही थी कि पानी के अंदर मौरंग खनन किया जा रहा है। शिकायत सही पाई गई।