फतेहपुर। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में रविवार को एक बुजुर्ग महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। जानकारी पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
मलवां थाने के अल्लीपुर निवासी अनीस की पत्नी अजमेरून निशा (66) मेडिकल कॉलेज के पास से दवा लेकर घर लौट रही थीं। तभी हाईवे पार करते समय शहर की ओर जा रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक राजेश मिश्रा ने बताया कि बाइक सवार की तलाश की जा रही है।
वहीं दूसरे हादसे में फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के डाहनी निवासी ट्रक चालक नवल किशोर (33) की मौत हो गई। वह ट्रक लेकर प्रयागराज की ओर जा रहा था। सदर कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर पॉलिटेक्निक के पास आगे चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से उसका वाहन पीछे से टकरा गया।
पुलिस ने ट्रक में फंसे चालक को बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और संबंधित ट्रक की तलाश की जा रही है।