प्रदेश के खनन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति ने
दावा किया कि भाजपा समर्थित दो जिला पंचायत सदस्य समाजवादी पार्टी के साथ
हैं। ऐसे में सपा प्रत्याशी का जीतना तय है। भाजपा सिर्फ सेंधमारी कर रही
है, लेकिन उसकी यह कोशिश विफल होगी। वह डाक बंगले में पत्रकारों से बातचीत
कर रहे थे।
खनन मंत्री एवं जिला प्रभारी गायत्री प्रजापति ने कहा कि
अगर किसी डीडीसी मेंबर को बंधक बनाने की बात सामने आई तो सरकार सख्त एक्शन
लेगी।
खनन मंत्री ने कहा कि 45 लाख परिवारों को समाजवादी पेंशन योजना का
लाभ देने का मामला हो या फिर एक लाख 70 हजार शिक्षामित्रों को अध्यापक
बनाने से कोर्ट तक में साथ देने का। प्रदेश सरकार इसमें आगे रही है।
किसानों को 10 ट्राली मिट्टी ले जाने की छूट दे दी है, जबकि इससे पहले
प्रति ट्राली पकड़े जाने पर 25 हजार रुपये जुर्माना देना पड़ता था।
जबकि
केंद्र सरकार की बात करें तो उसने प्रति ट्रक होने वाली कार्रवाई की राशि
बढ़ा कर न सिर्फ पांच लाख कर दी है बल्कि सजा भी दो साल के बजाय पांच साल
कर दी है। इस मौके पर एमएलसी नरेश उत्तम, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दयालू
ओमर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जगनायक यादव, रीता प्रजापति भी मौजूद रहीं।
खनन
मंत्री ने अपनी उपलब्धियां बताते हुए तेलंगाना का जिक्र कर कहा कि वहां
सबसे ज्यादा खनन होता है। इसके बावजूद राजस्व वसूली के मामले में यूपी
अव्वल है।
वित्तीय वर्ष 2015-16 के वसूली लक्ष्य 1500 करोड़ के सापेक्ष
लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2014-15 में 11 सौ करोड़ के लक्ष्य
के सापेक्ष शत प्रतिशत व वित्तीय वर्ष 2013-14 में साढ़े नौ सौ करोड़ के
सापेक्ष 97 फीसदी लक्ष्य हासिल किया गया था। खनन मंत्री ने विभागीय सख्ती
का आइना रखते हुए 10 हजार वाहन पकड़े जाने और 300 से ऊपर एफआईआर दर्ज कराने
की बात कही।