थाना क्षेत्रहाईवे के आरापुर मोड़ पर गुरुवार शाम ट्रक की टक्कर से बाइक सवार भांजे की मौत हो गई, वहीं उसके मामा और बुआ घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर यातायात एक घंटे बाधित रहा। पुलिस के पहुंचने के बाद ट्रैफिक संचालन बहाल हो सका। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे।
थाना क्षेत्र के सेमरइया गांव निवासी प्रहलाद का बेटा अंकुश (10) बुआ रेखा देवी (16) संग मकर संक्राति के अवसर पर मामा सोहन लाल(25) के साथ ननिहाल खुशियालीपुर खागा जा रहा था। थरियांव के आरापुर मोड़ के पास पहुंचे थे। तभी पीछे से आए ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। अंकुश उछलकर बीच हाईवे पर गिरा। उसे कुचलते हुए ट्रक निकल गया। हादसा देखकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। उन लोगों ने छिटककर गिरे सोहनलाल और रेखा देवी को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। सूचना पर परिजन पहुंच गए।
हाईवे किनारे ही पड़े अंकुश के शव के पास दहाड़ मारकर रोते बिलखते रहे। मां सुमन देवी रो-रो कर बेसुध हो गई। परिजनों ने बताया कि अंकुश प्राइमरी विद्यालय में कक्षा दो का छात्र था। उससे छोटा छह माह का एक और भाई है। उसके पिता कृषि कार्य से परिवार का जीवनयापन करते हैं। एसएचओ एके सिंह ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की गई है।