औंग। कस्बे में ओवरब्रिज के पास स्टेशन रोड पर चेकिंग व चालान से व्यापारी व किसान परेशान हैं। कस्बे का स्टेशन रोड प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र है। ओवर ब्रिज के नीचे शाम को मिर्च की खरीदारी व्यापारी करते हैं। 15 गांव के किसान मिर्च लेकर इसी मार्ग से निकलते हैं। व्यापारी भी शाम को आते जाते हैं।
औंग पुलिस शाम को चार दिन से एक ही स्थान पर चेकिंग व बाइकों का चालान कर रही है। लोगों ने बताया कि दिन रात मेहनत कर किसान बाइक से बोरों में भरकर मिर्च बेचने लाता है। एक हजार रुपये का चालान से मेहनत में पानी फिर जाता है।
वहीं, कार व लग्जरी गाड़ियों में बैठे लोग बिना सीट बेल्ट लगाएं निकलते हैं। उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती है। बुधवार को व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ स्टेशन रोड व कस्बे के व्यापारियों ने भाजपा नेता दीपक वर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजा भान सिंह के साथ थाने पहुंचे। थानाध्यक्ष को व्यापारियों और किसानों ने समस्या से अवगत कराया। थाना अध्यक्ष हनुमान प्रताप सिंह सूर्यवंशी ने बताया कि चेकिंग और चालान सप्ताह में अलग-अलग स्थानों व गांवों में किया जाएगा।