फतेहपुर। ओती खंड के पट्टाधारक से उधार पर 2.40 करोड़ रुपये की मौरंग लेकर बेच दी, लेकिन रुपये नहीं दिए। कोर्ट के आदेश पर इस मामले में छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। ललौली पुलिस इसकी जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश भोपाल जिला अयोध्या नगर इसरो सेक्टर-212 एमआईजी निवासी मदन गुप्ता ओती कंपोजिट खंड के 2020 से पट्टाधारक हैं। इन्होंने लखनऊ पूर्वी गोमतीनगर विजयंत खंड के जितेंद्र पांडेय, गोंडा पथवलिया के अमरनाथ पांडेय व हरप्रीत सिंह, तरसेन, गौरा सिंह, दादू पाठक के खिलाफ दो करोड़ 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मदन गुप्ता का कहना है कि जितेंद्र पांडेय उनके मित्र थे। अमरनाथ पांडेय व अन्य ने 2023-24 में मुझसे उधार पर मौरंग लेकर भंडारण किया। रुपये के लेनदेन की जिम्मेदारी जितेंद्र पांडेय ने ली थी। जितेंद्र से मित्रता की वजह से मैंने इन लोगों को दो करोड़ 40 लाख रुपये की 2139 ट्रक मौरंग भंडारण के लिए दे दी। इन लोगों ने मौरंग बेचने के बाद मेरे रुपये नहीं दिए। रुपये मांगने पर गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। इसकी शिकायत तीन दिसंबर को ललौली पुलिस में की, लेकिन उसने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद 14 जनवरी को एसपी से शिकायत की। फिर भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। रिपोर्ट दर्ज नहीं होने पर कोर्ट की शरण ली। अब कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।