किशनपुर। थानाक्षेत्र के रायपुर भसरौल के जंगल में भैंस चरा रहे तीन चरवाहों की टीला धंसने से दबकर मौत हो गई। सभी धूप से बचने के लिए टीले की आड़ में बैठे थे। पुलिस मौके में जांच करने पहुंची।
गांव रायपुर भसरौल के मजरे चंदवाइन डेरा निवासी दुलारे पासवान (60), शिवमोहन यादव (65) व गांव मड़ौली निवासी रमेश निर्मल (55) बुधवार सुबह भैंस चराने जंगल गए थे। भैंसों को पानी पिलाने के लिए यमुना किनारे शाम करीब चार बजे पहुंचे। गर्मी की वजह से भैंस नदी में नहाने लगी। तीनों चरवाहों के साथ गांव का ही अर्जुन (20) भी धूप से बचने के लिए मिट्टी के एक टीले के नीचे छांव में बैठ गया। इस दौरान अचानक टीला धंस गया। तीनों चरवाहे मलबे के नीचे दब गए, वहीं अर्जुन ने भागकर अपनी जान बचाई। ये मंजर देख अर्जुन और पड़ोस में बैठे चरवाहों ने आसपास मौजूद ग्रामीणों से मदद के लिए गुहार लगाई। सभी ने काफी जद्दोजहद से टीला हटाया और तीनों चरवाहों को मलबे से बाहर निकाला। तीनों की मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। मौके पर पुलिस और खागा सीओ बृजमोहन राय पहुंचे। घटना स्थल का जायजा लिया। किशनपुर थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने बताया कि घटनास्थल से मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।