फोटो-04- असोथर में चांरों ने तोड़ा अलमारी का लाकर। संवाद
असोथर। कस्बे में रविवार रात किसान के घर से चोर नकदी, जेवर समेत करीब ढाई लाख रुपये का सामान समेट ले गए। जाते-जाते पिंजरे सहित तोता भी उठा ले गए। गृहस्वामी का दावा है कि चोर सीढ़ियों के रास्ते घर में दाखिल हुए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर आठ निवासी किसान शिवशंकर अग्निहोत्री परिवार के साथ छत पर सो रहे थे। इसी दौरान चोर छत के रास्ते सीढ़ी से आंगन में उतर आए और कमरे में रखी अलमारी व बक्सों के ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। सुबह उठने पर कमरे का सामान बिखरा देख चोरी की जानकारी हुई।
गृहस्वामी के अनुसार चोर मंगलसूत्र, कान के टॉप्स, तीन जोड़ी पायल और करीब 70 हजार रुपये नकद ले गए। नकदी-जेवर समेत करीब ढाई लाख की चोरी हुई है। चोरी के दौरान चोरों ने घर के दरवाजों की कुंडी अंदर से बंद कर दी थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पड़ोसी के घर को दोबारा निशाना बनाने की कोशिश
पड़ोसी सचिन अग्निहोत्री के घर को भी चोरों ने निशाना बनाने की कोशिश की। सचिन ने बताया कि करीब एक साल पहले 10 अप्रैल 2025 को उनके घर में चोरी हुई थी। चोर जेवर और 40 हजार रुपये नकद उठा ले गए थे। इसके एक सप्ताह बाद फिर चोरी का प्रयास हुआ था। घटनाओं के चलते गांव से बाहर दूसरे घर में रहने लगे थे। उनके घर में रात को चोर छत के रास्ते पहुंचे। कमरों के ताले तोड़कर गृहस्थी का सामान बिखेरा है। उन्हें कुछ हासिल नहीं हो सका।
फोटो-04- असोथर में चांरों ने तोड़ा अलमारी का लाकर। संवाद