फतेहपुर। अलग-अलग ट्रेनों में सामान चोरी की तीन घटनाओं में जांच के बाद जीआरपी ने प्राथमिकी दर्ज की है। यात्रियों की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने मामलों की विवेचना शुरू कर दी है।
औरैया जिले के नारायणपुर निवासी अमर सिंह की पुत्री खुशबू आर्या ने जीआरपी को बताया कि वह 29 अगस्त को ट्रेन संख्या 20404 लालगढ़ एक्सप्रेस के एम-3 कोच की सीट नंबर 10 पर इटावा से प्रयागराज जा रही थीं। फतेहपुर रेलवे स्टेशन के आसपास नींद खुलने पर उनका हैंडबैग गायब मिला। बैग में लैपटॉप, मोबाइल, चार्जर, 2500 रुपये नकद, वोटर आईडी, पैन कार्ड और डेबिट कार्ड रखा था। ऑनलाइन शिकायत के आधार पर जीआरपी ने 2 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज की।
दूसरी घटना में ललौली थाना क्षेत्र के शंकरपुर निवासी प्रेमशंकर निषाद ने बताया कि वह 10 सितंबर को पत्नी और तीन बच्चों के साथ अमृत भारत एक्सप्रेस संख्या 22590 से अहिरवांनगर रेलवे स्टेशन से फतेहपुर आ रहे थे। परिवार एस-2 कोच में सीट नंबर 75, 77 और 78 पर यात्रा कर रहा था। उरई स्टेशन पर ट्रेन खड़ी होने के दौरान पत्नी का पर्स गायब हो गया। पर्स में जेवर और सात हजार रुपये थे।
तीसरी घटना में मथुरा जिले के राया थाना क्षेत्र के मिश्री निवासी मुनेश सिंह ने बताया कि पत्नी नीरज कुमारी ट्रेन संख्या 02418 प्रयागराज स्पेशल फेयर के एस-7 कोच की सीट नंबर 71 पर अलीगढ़ जंक्शन से फतेहपुर आ रही थीं। नौ सितंबर को ट्रेन गोविंदपुरी स्टेशन से गुजर रही थी। सुबह करीब 4:50 बजे सीट के नीचे रखा ट्रॉली बैग गायब मिला। जीआरपी थानाध्यक्ष विनोद कुमार यादव ने बताया कि तीनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की जा रही है।